सड़क हादसे में घायल डॉक्टर की हुई मौत, अज्ञात भारी वाहन ने मारी टक्कर, ड्यूटी से लौट रहे थे घर

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कनबेरी मोड़ के पास बड़ा सड़क हादसा हुआ था। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल चिकित्सक की उपचार के दौरान मौत हो गई। 
प्राप्त

जानकारी के अनुसार कुसमुंडा थाना अंतर्गत ग्राम पड़निया निवासी साधुराम सिदार (54 वर्ष) स्वास्थ्य विभाग में स्वास्थ्य सुपरवाइजर के पद पर करतला में पदस्थ थे। सोमवार की शाम ड्यूटी समाप्त होने के बाद वे अपनी बाइक से गांव पड़निया स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कनबेरी मोड़ के पास किसी अज्ञात भारी वाहन के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे में डॉ. सिदार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल डायल 112 और सर्वमंगला सहायता केंद्र को सूचना दी। सूचना मिलते ही सहायता केंद्र प्रभारी विभव तिवारी के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 112 वाहन की मदद से घायल डॉक्टर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों द्वारा उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

डॉक्टर की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बेलगाम गति से वाहन चलाए जाने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाकारी वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र में भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Share This Article