कोरबा में बड़ी कार्रवाई: धान सत्यापन में गड़बड़ी पर दो राइस मिलें सील, निरीक्षण के दौरान 11,373 बोरी धान गायब मिले

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में धान के भौतिक सत्यापन के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उरगा स्थित बजरंग राइस मिल और धनेश राइस मिल को सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर की गई।

तहसीलदार कोरबा, अतिरिक्त तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक और हल्का पटवारी की संयुक्त टीम ने दोनों राइस मिलों का औचक निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि दोनों मिलों में कुल 79,625 बोरी धान जमा होना दर्शाया गया था, जबकि मौके पर केवल 68,252 बोरी धान ही मौजूद थीं। इस प्रकार 11,373 बोरी धान कम पाए जाने पर प्रशासन ने दोनों मिलों को तत्काल सील कर दिया।

प्रशासन का कहना है कि धान के भंडारण और मिलिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हेराफेरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मनोकामना राइस मिल से भी धान जब्त

इसी क्रम में मनोकामना राइस मिल परिसर से भी धान की हेराफेरी का मामला सामने आया है। खाद्य अधिकारी जी.एस. कंवर, तहसीलदार विष्णु पैकरा और खाद्य निरीक्षक संतोष कंवर की टीम ने समिति के लिए भेजे जा रहे 100 कट्टे धान को ट्रैक्टर सहित जब्त किया। जब्त धान को उरगा थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।

राइस मिलरों में हड़कंप

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले के राइस मिल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और धान खरीदी एवं मिलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

Share This Article