कुसमुंडा खदान में दर्दनाक हादसा: हाइड्रोलिक सिलेंडर फटने से ऑपरेटर की मौत, चार बहनों का इकलौता भाई था संजय, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  एसईसीएल (SECL) की कुसमुंडा कोयला खदान में संचालित निजी ठेका कंपनी नीलकंठ में शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। मशीन की मरम्मत के दौरान हाइड्रोलिक सिलेंडर के फटने से एक ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है।

मृतक की पहचान संजय देवांगन के रूप में हुई है जो मूल रूप से बलरामपुर जिले के वाड्रफ नगर का रहने वाला था। संजय बीते तीन वर्षों से नीलकंठ कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। संजय चार बहनों का इकलौता भाई था और परिवार का मुख्य सहारा भी।

जानकारी के मुताबिक खदान के भीतर हाइड्रोलिक मशीन में छह मजदूर रिपेयरिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान मशीन का सिलेंडर अचानक ब्लास्ट हो गया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि रिपेयरिंग के वक्त पिस्टन तेजी से बाहर निकला और सीधे संजय देवांगन के सीने में जा धंसा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में राम कयास और देवेंद्र ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

हादसे के बाद परिजनों और मजदूरों में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों का आरोप है कि घटना वाले दिन संजय की छुट्टी थी इसके बावजूद उसे काम पर बुलाया गया। मजदूरों का कहना है कि कंपनी द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।

मुआवजा और नौकरी का आश्वासन

मृतक के बड़े पापा के बेटे ने बताया कि नीलकंठ कंपनी की ओर से 5 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन भी दिया गया है। हालांकि परिजन और मजदूर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

इसका वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें

https://www.instagram.com/reel/DTkrWwZCH-2/?igsh=NmY0b3NjbWhvNmYz

Share This Article