नाबालिगों से दुष्कर्म के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग सहित लापता शादीशुदा महिला हैदराबाद से बरामद

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्यार का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं एक लापता शादीशुदा महिला को भी हैदराबाद से सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया है।

पहला मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है। नैला निवासी अरमान खान (27 वर्ष) ने 16 वर्षीय नाबालिग से दोस्ती कर उसे प्यार और शादी का झांसा दिया। आरोपी नाबालिग को कोरबा से भगाकर हैदराबाद ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने टीम बनाकर हैदराबाद भेजी, जहां से नाबालिग को सकुशल बरामद किया गया। आरोपी अरमान खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी रिश्तेदारों के घर आना-जाना करता था, इसी दौरान उसने नाबालिग को अपने झांसे में फंसाया।

दूसरा मामला भी मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है जहां एक शादीशुदा महिला अपने बच्चों के साथ लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने जांच तेज की। सूचना के आधार पर महिला को हैदराबाद से बरामद कर लिया गया और परिजनों के हवाले कर दिया गया।

तीसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। यहां 17 वर्षीय नाबालिग के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई कि बुधवार निवासी संजय महंत (24 वर्ष) उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नाबालिग को बरामद किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने प्यार का झांसा देकर नाबालिग के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। इस मामले में भी आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मानिकपुर चौकी क्षेत्र के दो मामलों में पुलिस टीम को हैदराबाद भेजा गया था। सभी मामलों में पीड़ितों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया है।

Share This Article