कोरबा हत्याकांड का हुआ खुलासा, एकतरफा प्रेम में युवती को उतारा मौत के घाट, ट्रक में सोते हुए पकड़ाया आरोपी….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है जहां एकतरफा प्रेम और लगातार फोन कॉल से परेशान युवक ने युवती की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए चंद घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

यह सनसनीखेज घटना दीपका थाना क्षेत्र के नागिन झोरखी गांव की है। मृत युवती की पहचान रानू साहू (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। वहीं हत्या का आरोप राहुल जोगी (26 वर्ष) पर है जो बांधाखार गांव का रहने वाला और पेशे से ट्रक चालक है।

घर में अकेली थी युवती, तभी हुआ हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 जनवरी की शाम रानू साहू घर में अकेली थी। उसके माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। शाम करीब 7 बजे जब वे वापस लौटे तो घर के भीतर बेटी की खून से लथपथ लाश पड़ी मिली। रानू के गले पर गहरे जख्म के निशान थे। यह दृश्य देख परिजनों की चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत दीपका पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि मोबाइल कॉल डिटेल और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर आरोपी राहुल जोगी की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि रानू साहू राहुल से एकतरफा प्यार करती थी और उसे बार-बार फोन कर प्रेम का इजहार करती थी। राहुल ने कई बार उसे मना किया था लेकिन फोन कॉल बंद नहीं हुए जिससे दोनों के बीच विवाद होता रहता था।

पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन देर शाम रानू ने राहुल को फोन किया था जिस पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। गुस्से में आकर राहुल धारदार हथियार (चापड़) लेकर सीधे रानू के घर पहुंच गया और उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने बेरहमी से युवती का गला काटकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। हत्या के बाद आरोपी दीपका-हरदीबाजार रोड पर खड़ी अपनी ट्रक के पास पहुंचा और वहीं आराम से सो गया। पुलिस टीम ने देर रात उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि आरोपी राहुल जोगी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। पोस्टमॉर्टम के बाद रानू साहू का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Share This Article