कोरबा में एक ही रात दो जगह लूट, पेट्रोल पंप 2 कर्मचारी को बनाया बंधक, ट्रक चालक से नकदी व मोबाइल छीना

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   जिले में गुरुवार–शुक्रवार की दरमियानी रात अपराधियों ने दो अलग-अलग इलाकों में लूट की वारदात को अंजाम देकर दहशत फैला दी। एक ओर चैतमा चौकी क्षेत्र में पेट्रोल पंप कर्मचारियों को बंधक बनाकर नकदी लूटी गई, वहीं दूसरी ओर कुसमुंडा क्षेत्र में ट्रक चालक से चाकू की नोक पर लूट हुई।

चैतमा चौकी अंतर्गत एक पेट्रोल पंप पर रात करीब एक बजे चार नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोला। लाठी-डंडे और चाकू से लैस बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी कांशीराम टाडिया और राजकुमार कश्यप को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और लगभग 8,500 रुपये नकद लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश दोनों कर्मचारियों को कमरे में बंद कर फरार हो गए।

कर्मचारियों ने किसी तरह मैनेजर रामकुमार पटेल को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर उन्हें बाहर निकाला गया और पुलिस को जानकारी दी गई। मारपीट में घायल कर्मचारी कांशीराम को अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनके बयान दर्ज किए गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी पेट्रोल पंपों को निशाना बनाया गया है, हालांकि डिजिटल भुगतान बढ़ने से नकदी कम रहती है।

कुसमुंडा में ट्रक चालक से लूट, आरोपी गिरफ्तार

दूसरी घटना कुसमुंडा थाना क्षेत्र की है, जहां रात में वाहन खड़ा कर नीचे उतरे एक ट्रक चालक को बदमाशों ने चाकू दिखाकर लूट लिया। आरोपियों ने चालक से 8,000 रुपये नकद और मोबाइल फोन छीन लिया।

घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दो स्कूटी सवार आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, इनमें एक नाबालिग और एक बालिग शामिल है। आरोपियों के कब्जे से 5,200 रुपये नकद और लूटा गया मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच तेज कर दी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

Share This Article