कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा पुलिस ने 18 जनवरी 2026 को जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए दो बड़े अभियान चलाए। एक ओर फरार वारंटी आरोपियों की धरपकड़ की गई, वहीं दूसरी ओर नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी आरोपियों को पकड़ा गया। इस दौरान सभी थाना और चौकी स्तर पर पुलिस टीम बनाकर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। अभियान में कुल 42 गिरफ्तारी वारंट और 19 स्थाई वारंट सहित 61 वारंटों की तामिली की गई। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इसी दिन कोरबा पुलिस ने जिले के प्रमुख मार्गों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान भी चलाया। जांच के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 24 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। सभी चालकों का ब्रेथ एनालाइजर और मेडिकल परीक्षण कराया गया।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें, नशे में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का सम्मान करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
