निवेश के नाम पर 30 करोड़ की बड़ी ठगी का खुलासा: पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार, करोड़ों की संपत्ति की जांच जारी….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

निवेश के नाम पर 30 करोड़ की बड़ी ठगी का खुलासा: पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार, करोड़ों की संपत्ति की जांच जारी….


जांजगीर/सीजी एनएन 24 न्यूज:   शेयर मार्केट और रियल एस्टेट में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब 30 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हर महीने 15 प्रतिशत ब्याज देने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है, जबकि अन्य अर्जित संपत्तियों की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के कामता निवासी महेंद्र कुमार कश्यप ने अकलतरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि जवाहर नगर, अकलतरा निवासी प्रमोद कुमार वैष्णव ने जून 2024 में उनसे संपर्क कर खुद को शेयर मार्केट व रियल एस्टेट का कारोबारी बताया और हर माह 15 प्रतिशत मुनाफा देने का भरोसा दिलाया। विश्वास में लेने के लिए आरोपी ने इकरारनामा किया और 10 लाख रुपये का चेक भी दिया।

आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने अपनी बेटी की शादी के लिए धान बेचकर जमा की गई 10 लाख रुपये की रकम नकद दे दी। इसके बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया और वह फरार हो गया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह कौशल प्रसाद कश्यप से 10 लाख रुपये और चोरभट्टी निवासी हीरालाल कश्यप से 5 लाख रुपये की ठगी की थी। सभी पीड़ितों को इकरारनामा और चेक देकर भरोसे में लिया गया था।

पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कोरबा, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिलों में लगभग 30 करोड़ रुपये की ठगी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से दो कार (कीमत करीब 12.50 लाख रुपये) और पुत्र के नाम पर पंजीकृत एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। मामले में आरोपी के अन्य सहयोगी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। इस पूरी कार्रवाई में अकलतरा थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा एवं उनकी टीम की अहम भूमिका रही।

Share This Article