कोरबा: सोशल मीडिया पर बनी दोस्ती एक परिवार के लिए गंभीर संकट का कारण बन गई। रायगढ़ जिले की रहने वाली एक महिला ने पति से इंस्टाग्राम पर दोस्ती को लेकर हुए विवाद के बाद जहर का सेवन कर लिया। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है।
यह मामला जिला अस्पताल पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार चमेली विश्वास और उनके पति सुमित विश्वास रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों ने करीब पांच वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था और उनके दो बच्चे हैं।
बताया गया है कि चमेली की इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से जान-पहचान हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। जब इसकी जानकारी पति को हुई तो दंपती के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद के चलते महिला कुछ समय के लिए मायके चली गई थी लेकिन सामाजिक समझाइश के बाद वह वापस लौट आई और पति के साथ रहने लगी।
इसके बावजूद इंस्टाग्राम पर बातचीत जारी रहने से विवाद फिर बढ़ गया। इसी दौरान पति द्वारा मोबाइल हैक कर बातचीत देखने की बात सामने आई जिसके बाद दोनों के बीच तनाव और गहरा गया। मानसिक दबाव में आकर महिला ने आत्मघाती कदम उठाते हुए जहर का सेवन कर लिया।
परिजनों ने उसे तुरंत धरमजयगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है। जिला अस्पताल पुलिस चौकी पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
