ग्राम पूटा व चैतमा पेट्रोल पंप लूट कांड का पर्दाफाश, पुलिस ने किया आरोपियों को गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के थाना पाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पूटा एवं चैतमा पेट्रोल पंप में हुई लूट की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटर सायकल एवं चाकू जप्त किए गए हैं तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्यवाही की गई है।

पहली घटना– ग्राम पूटा लूट कांड

प्रार्थी जगत नेताम निवासी पूटा द्वारा थाना पाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 9 जनवरी 2026 को रात्रि करीब 8:30 बजे दो पल्सर मोटर सायकल में सवार 4 युवकों ने उसके साथ झपटमारी कर 2000 रुपये की लूट की थी। इस संबंध में थाना पाली में धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।

जांच पड़ताल के दौरान आरोपी श्रीयष परिहार उर्फ कान्हा परिहार, उम्र 26 वर्ष, निवासी पाली अस्पताल के पास, को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटर सायकल जप्त की गई है। प्रकरण के एक अन्य आरोपी वेदप्रकाश वैष्णव उर्फ नीलेश वैष्णव को रतनपुर पुलिस द्वारा धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया है, जिसे न्यायालयीन प्रक्रिया पूर्ण कर पृथक से गिरफ्तार किया जाएगा। प्रकरण में अन्य आरोपी सुल्तान हुसैन एवं कामरान अंसारी की तलाश जारी है।

दूसरी घटना– चैतमा पेट्रोल पंप लूट कांड

प्रार्थी राजकुमार कश्यप द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 15-16 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात चैतमा स्थित श्री साईं फ्यूल्स पेट्रोल पंप में 4 युवकों ने मारपीट कर चाकू दिखाकर 8000 रुपये की लूट की। इस पर थाना पाली में धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान आरोपी समीर नागेश, पिता आल्हाराम सागर, उम्र 19 वर्ष, निवासी सूर्योदय नगर केराझारिया, थाना पाली को चौकी चैतमा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। आरोपी से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटर सायकल जप्त की गई है।

इस प्रकरण में शामिल अन्य तीन आरोपी वेदप्रकाश उर्फ नीलेश वैष्णव, अभिषेक प्रजापति उर्फ मांडा एवं कपिल पटेल (सभी निवासी पाली) को रतनपुर पुलिस द्वारा धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया है जिन्हें न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद पृथक से गिरफ्तार किया जाएगा।

Share This Article