कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मड़वारानी पहाड़ पर मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दर्शन के लिए जा रही एक ऑटो में अचानक आग लग गई। ऑटो में सवार परिवार ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी को चोट नहीं आई लेकिन ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार बरपाली निवासी राकेश कुमार बरेठ अपने परिवार के साथ मां मड़वारानी के दर्शन के लिए पहाड़ पर जा रहे थे। पहाड़ की चढ़ाई के दौरान ऑटो ऊपर नहीं चढ़ पा रहा था। इसी दौरान अधिक दबाव पड़ने से पेट्रोल पाइप फट गया। इंजन गर्म होने के कारण ऑटो में आग लग गई। कुछ ही पलों में ऑटो धू-धू कर जलने लगा। आग लगते ही ऑटो में सवार लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। पहाड़ पर होने के कारण आग बुझाने की कोई व्यवस्था नहीं थी।
घटना की सूचना उरगा थाना पुलिस को दी गई। दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही ऑटो पूरी तरह जल चुका था। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी और 112 की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
आग लगने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।
घटना का वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें-
https://www.instagram.com/reel/DTu9OfSCHr7/?igsh=OWl5cW16dWEyeDY0
