रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ लोक शिक्षा संचालनालय ने कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर आयोजित होंगी। शेड्यूल के अनुसार कक्षा 5वीं की परीक्षा 16 मार्च से और कक्षा 8वीं की परीक्षा 17 मार्च से शुरू होगी। CBSE और ICSE स्कूलों के छात्र इन परीक्षाओं में शामिल नहीं होंगे।
जारी टाइम टेबल के मुताबिक कक्षा 5वीं की परीक्षा सुबह 9 बजे से 11 बजे तक होगी, जबकि कक्षा 8वीं की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। कक्षा 5वीं की परीक्षा कुल 50 अंकों की होगी, जिसमें 40 अंक लिखित परीक्षा और 10 अंक प्रोजेक्ट वर्क के होंगे। वहीं कक्षा 8वीं की परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी, जिसमें 80 अंक लिखित और 20 अंक प्रोजेक्ट वर्क के निर्धारित किए गए हैं।
आदेश में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से जुड़े सभी सरकारी, अनुदान प्राप्त और बिना अनुदान प्राप्त निजी स्कूलों (हिंदी व अंग्रेजी माध्यम) के छात्रों को इन केंद्रीकृत परीक्षाओं में अनिवार्य रूप से शामिल होना होगा। CBSE और ICSE से संबद्ध अशासकीय स्कूलों को इस व्यवस्था से बाहर रखा गया है।
टाइम टेबल जारी होने के बाद स्कूलों में परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि फरवरी के अंत तक सिलेबस और रिवीजन का काम पूरा किया जाए। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और बोर्ड परीक्षाओं के नियमों के अनुसार ही आयोजित की जाएगी।
