खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होते ही कोरबा पुलिस एक्शन में, चंद घंटो में स्कॉर्पियो चालकों पर की गई कार्रवाई

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में लोकमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर स्टंट करने तथा रील बनाने वाले चार स्कॉर्पियो चालकों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। यह कार्रवाई थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा द्वारा की गई।

19 जनवरी 2026 को काले रंग की चार स्कॉर्पियो (CG 12 BS 7298, CG 12 BL 3201, CG 12 BL 7861, CG 12 BH 8214) बालको से आईटीआई चौक, कोसाबाड़ी, सुभाष चौक, निहारिका, घंटाघर, महाराणा प्रताप चौक, सीएसईबी चौक होते हुए महाराजा होटल तक तेज गति और खतरनाक तरीके से चलाई जा रही थीं। वाहनों में सवार लोग खिड़कियों से बाहर हाथ निकालकर शोर मचाते हुए गाने बजा रहे थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

वीडियो के आधार पर थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 56/2026 धारा 281 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों स्कॉर्पियो वाहनों को जब्त कर लिया और वाहन चालकों पवन यादव, चंद्र कुमार कर्श, रोहित पटेल एवं मोहम्मद सहजाद खान को विधिवत गिरफ्तार किया। इसके साथ ही वाहनों में सवार बच्चों के पालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन में बैठने की समझाइश दी गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी स्टंट कर रील बनाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार नजर रखी जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।

Share This Article