मड़ई कार्यक्रम में खूनी संघर्ष, युवक की निर्मम हत्या, इलाके में फैली सनसनी
रायपुर: रायपुर जिले के तिल्दा थाना क्षेत्र अंतर्गत आयोजित मंडई कार्यक्रम के दौरान एक युवक की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मड़ई स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया वहीं कार्यक्रम में मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए।
जानकारी के अनुसार मड़ई कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में तब्दील हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अवस्था में युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने मड़ई स्थल की घेराबंदी कर घटनास्थल को अपने कब्जे में लिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं पुलिस ने 5 संदेहियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है वहीं पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
