कोरबा पुलिस की त्वरित कार्यवाही, युवक पर सामूहिक हमला करने वाले 7 नाबालिग आरोपी हिरासत में

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र में युवक पर नुकीली वस्तु से किए गए सामूहिक हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। 

जानकारी के अनुसार सीएसईबी चौकी क्षेत्र में कुछ नाबालिगों ने पुराने विवाद या किसी अन्य कारण से एक युवक पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक पर नुकीली वस्तु, बेल्ट और पंच से ताबड़तोड़ वार किए जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन, चौकी सीएसईबी और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्ष जानकारी के आधार पर 7 नाबालिग आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त नुकीली वस्तु, बेल्ट, पंच और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने मामले में धारा 109(1), 296, 351(3) और 191(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। सभी नाबालिग आरोपियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवादों को हिंसक रूप न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article