जंगली सुअर का अवैध शिकार, घर में मिला मांस, वन विभाग ने चार आरोपियों को पकड़ा

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

जंगली सुअर का अवैध शिकार, घर में मिला मांस, वन विभाग ने चार आरोपियों को पकड़ा

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत जंगली सुअर के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने बड़ी और त्वरित कार्रवाई की है। ग्राम लीमपानी (भदरापारा), ग्राम पंचायत बारीउमराव में जंगली सुअर के शिकार की सूचना पर वन विभाग की टीम ने दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

22 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लीमपानी निवासी एक व्यक्ति द्वारा जंगली सुअर का अवैध शिकार किया गया है। सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत के निर्देश तथा उपवनमंडलाधिकारी पाली हितेश कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी चैतमा दिनेश कुमार कुर्रे द्वारा एक विशेष टीम गठित कर तत्काल सर्च अभियान चलाया गया।

घर की तलाशी में मिला जंगली सुअर का मांस
गठित टीम ग्राम लीमपानी (भदरापारा) में इन्द्रपाल पिता रामप्रसाद धनवार के घर पहुंची। ग्राम के पंचों की उपस्थिति में घर की तलाशी ली गई, जहां से करीब 5 किलो जंगली सुअर का कच्चा मांस, जंगली सुअर का पुराना जबड़ा (2 नग), पैर (3 नग) बरामद किए गए। इसके अलावा शिकार में प्रयुक्त कुल्हाड़ी (2 नग), परसुल (1 नग), हंसिया (2 नग), सेट्रिंग तार के 4 बंडल और लकड़ी का गुटका भी जब्त किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी इन्द्रपाल ने स्वीकार किया कि उसने पलमापहाड़ में फंदा लगाकर जंगली सुअर का शिकार किया था। फंदे में फंसने से सुअर की मौत हो गई, जिसके बाद उसने गांव के ही मंतराम धनवार, मिलन धनवार और जयलाल धनवार के साथ मिलकर मौके पर ही जंगली सुअर को काटकर मांस आपस में बांट लिया और कुछ मांस पकाकर खा लिया।

वन विभाग ने प्राप्त साक्ष्य, बयान, पंचनामा और जब्त सामग्री के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 44, 48(क), 51 और 52 के तहत पी.ओ.आर. क्रमांक 32/01 दिनांक 22 जनवरी दर्ज किया। 24 जनवरी को आरोपियों को माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पाली के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहां से उन्हें 6 फरवरी 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में कटघोरा भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में परस राम पटेल (प.स. घुईचुवा), यशमन कुमार आडिल (प.स. चैतमा), कीर्ति कुमार तंवर (प.स. राहा) सहित परिसर रक्षक भीम पटेल, लक्ष्मी प्रसाद यादव और सुखमन कुमार पाटले मौजूद रहे।

Share This Article