कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में चल रही संदिग्ध और अवैध गतिविधियों का पर्दाफाश किया है। पुलिस की रेड के दौरान मकान से तीन युवक और पांच युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिलीं, जिन्हें मौके से हिरासत में लिया गया।
जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई डिंगापुर और रामपुर के बीच स्थित एक बस्ती में की गई। मकान की मालकिन सुरती पटेल पर आरोप है कि उनके घर में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही थीं। मोहल्ले के लोगों ने कई बार इसका विरोध किया, लेकिन आरोप है कि मकान मालकिन विरोध करने वालों से गाली-गलौज करती और उन्हें धमकाती थी। स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों से परेशान होकर शुक्रवार को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत की जांच के बाद पुलिस टीम ने शनिवार को मकान पर दबिश दी। रेड के दौरान घर में मौजूद युवक-युवतियां भागने की कोशिश करने लगे लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके से हरदी बाजार निवासी ईश्वर कुमार, नील कुमार यादव, बैगिनडबार निवासी राज दास महंत, मकान मालकिन सुरती पटेल सहित चार युवतियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है। घटना के बाद वार्ड नंबर-36 के पार्षद अजय गोड के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वार्डवासी सिविल लाइन थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पार्षद ने बताया कि अवैध गतिविधियों के कारण क्षेत्र का माहौल लंबे समय से खराब हो रहा था, जिससे बच्चों और स्थानीय लोगों पर गलत असर पड़ रहा था।
ASP लखन पटले ने बताया कि मोहल्ले वालों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
