रेलवे स्टेशन में युवक पर चाकू से हमला, नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हुए बदमाश

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

रेलवे स्टेशन में युवक पर चाकू से हमला, नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हुए बदमाश

रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:   रायपुर रेलवे स्टेशन में प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे एक युवक पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। हमलावर युवक से नकदी और मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान रायपुर के नहरपारा निवासी गजालुद्दीन के रूप में हुई है। वह नागपुर जाने के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे और उससे विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने अचानक चाकू निकालकर गजालुद्दीन के सिर पर वार कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बदमाश युवक के पास से करीब 8 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद घायल गजालुद्दीन प्लेटफॉर्म पर ही गिर पड़ा। सूचना मिलने पर उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। खबर लिखे जाने तक जीआरपी पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। घटना के बाद से स्टेशन परिसर में यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है।

Share This Article