कोरबा में गणतंत्र दिवस पर दर्दनाक हादसे: अलग-अलग हादसों में 2 छात्रों की मौत, 4 घायल

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा में गणतंत्र दिवस पर दर्दनाक हादसे: अलग-अलग हादसों में 2 छात्रों की मौत, 4 घायल

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में 26 जनवरी को अलग-अलग स्थानों पर हुए चार सड़क हादसों ने गणतंत्र दिवस की खुशियों को मातम में बदल दिया। इन दुर्घटनाओं में दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसों की मुख्य वजह बताया जा रहा है।

ध्वजारोहण कार्यक्रम में जा रहे छात्र की मौत
पहली घटना कटघोरा थाना क्षेत्र की है। मुकुटधर पांडे महाविद्यालय का छात्र समीर रात्रे (निवासी कोरबी सिंगिया) सुबह ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने बाइक से जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

10 वर्षीय छात्रा को बोलेरो ने रौंदा
दूसरी दर्दनाक घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के लखनपुर की है। ध्वजारोहण कार्यक्रम से लौट रही 10 वर्षीय छात्रा को बोलेरो वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें बोलेरो वाहन कैद हुआ है।

अनियंत्रित थार खेत में पलटी
तीसरी घटना कटघोरा-लखनपुर मार्ग पर हुई, जहां तेज रफ्तार थार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 फीट दूर खेत में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दो बाइकों की टक्कर, दो युवक घायल
चौथी घटना भी कटघोरा थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार दो युवक घायल हुए हैं।

लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए पुलिस ने लोगों से वाहन सावधानीपूर्वक चलाने और तेज रफ्तार से बचने की अपील की है।

Share This Article