कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में नगर सेना (होमगार्ड) के एक जवान द्वारा कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने के मामले में आखिरकार बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी अनुज कुमार एक्का को तत्काल प्रभाव से रायपुर मुख्यालय अटैच कर दिया गया है।
इस संबंध में आदेश 27 जनवरी को जारी किया गया जिसके तहत अनुज एक्का को 28 जनवरी से रायपुर स्थित नगर सेना माना कैंप के केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं उनके स्थान पर योग्यता साहू को नया जिला सेनानी पदस्थ किया जा रहा है।
घटना के बाद जिले में तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी। नगर सेना के जवान द्वारा आत्महत्या के प्रयास से आक्रोशित नगर सैनिकों ने काम बंद कर जिला सेनानी कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे जवानों ने कथित रूप से बर्खास्त किए गए सैनिक संतोष पटेल की बहाली की मांग की, साथ ही जिला सेनानी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
धरना प्रदर्शन को पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का भी समर्थन मिला। वे मौके पर पहुंचे और नगर सैनिकों से चर्चा की। इसके बाद उन्होंने उच्च प्रशासनिक अधिकारियों से भी बातचीत की। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बताया कि संतोष पटेल को जल्द से जल्द बहाल करने को लेकर सकारात्मक आश्वासन मिला है, साथ ही जिला सेनानी को हटाने की कार्रवाई भी की गई है।
