मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर स्टंटबाजी करने वालों पर पुलिस ने कसा शिकंजा 

By Atul Yadav - Editor
1 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में गणतंत्र दिवस पर शांति और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान तेज आवाज वाले मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने वाले बाइक चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस को शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चला रहे हैं और खतरनाक स्टंट कर शहर में शोर-शराबा फैला रहे हैं। इसी को देखते हुए जिले के विभिन्न थाना, चौकी और यातायात पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 8 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें यातायात पुलिस द्वारा 6 मामले, थाना सिविल लाइन रामपुर द्वारा 2 मामले शामिल हैं।

पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर वाहन जब्त करने और जेल भेजने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं, स्टंट और अनावश्यक शोर-शराबे से बचें और शहर में शांति बनाए रखने में सहयोग करें।

Share This Article