कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा में जिला प्रशासन द्वारा सील की गई कबाड़ दुकान के पास चोरी-छिपे चल रहे अवैध कारोबार का पुलिस ने खुलासा किया है। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना और सीएसईबी चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापा मारकर मौके से कबाड़ से लदे तीन वाहन जब्त किए और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान वाहनों में भारी मात्रा में लोहे के बड़े पाइप और अन्य कबाड़ सामग्री पाई गई। जांच में सामने आया कि आरोपी सील की गई दुकान के बावजूद अवैध रूप से कबाड़ की खरीद-फरोख्त कर रहे थे और इसे दूसरे जिले भेजने की तैयारी में थे। गिरफ्तार सभी आरोपी कबाड़ व्यवसाय से जुड़े बताए जा रहे हैं।
कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि अवैध कबाड़ कारोबार की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। जब्त वाहनों और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत रशियन हॉस्टल के पास लोहे के पुल को काटकर चोरी करने का मामला सामने आया था। चोरों ने पुल की रेलिंग और लोहे की प्लेटें गैस कटर से काटकर ले जाई थीं।
पुल चोरी मामले में 15 आरोपी चिन्हित, 5 पहले ही गिरफ्तार
पुल चोरी प्रकरण में पुलिस ने कुल 15 आरोपियों को चिन्हित किया था, जिनमें से 5 को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके पास से एक टाटा एस वाहन, स्प्लेंडर बाइक, गैस कटर मशीन, ऑक्सीजन और एलपीजी सिलेंडर, मोबाइल फोन तथा 6 हजार रुपये नकद बरामद किए गए थे। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 5 टन कटी हुई लोहे की रेलिंग भी जब्त की गई थी।
