तड़के सुबह कोरबा पुलिस का बड़ा एक्शन, जेल जा चुके 102 लूट-डकैती के आरोपियों को थाने बुलाकर कराई गई परेड

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने तड़के सुबह बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में सुबह करीब 4 बजे से विशेष कार्रवाई की गई।

इस अभियान के तहत लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों में पहले जेल जा चुके आदतन अपराधियों को उनके घरों से थाने बुलाया गया। थानों में सभी आरोपियों की परेड कराई गई और रिकॉर्ड की जांच की गई। पुलिस के अनुसार कुल 102 आरोपियों को थाने तलब किया गया। सभी को भविष्य में अपराध न करने की सख्त चेतावनी दी गई और काउंसलिंग भी की गई।

अभियान के दौरान सक्रिय और आदतन अपराधियों पर धारा 110, 107, 116(3) और 129 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। कई आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कदम उठाए गए, वहीं कुछ आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट भी खोली जाएगी। ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे एवं अपराधों की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति बनाए रखने और अपराध की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

Share This Article