कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने विद्युत विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर सत्येंद्र दिवाकर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर किसान से घूस की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार पीड़ित किसान श्यामता टंडन ग्राम रलिया का रहने वाला है। अपने खेत में ट्रांसफार्मर लगाने के लिए उसने विद्युत विभाग में आवेदन दिया था। आवेदन के बाद असिस्टेंट इंजीनियर ने निरीक्षण किया और 80 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। किसान पहले ही 30 हजार रुपए चुका चुका था लेकिन शेष 50 हजार रुपए देने से इनकार किया। इसके बाद उसने बिलासपुर ACB कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
ACB की टीम ने शिकायत की पुष्टि के बाद 28 जनवरी को ट्रैप योजना बनाई। श्यामता टंडन 50 हजार रुपए के साथ आरोपी के दीपका स्थित कार्यालय पहुंचे जहां आरोपी ने रिश्वत लेते ही टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 50 हजार रुपए की रिश्वत बरामद हुई।
डीएसपी ACB बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट लोकसेवकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आम जनता से किसी भी प्रकार की रिश्वत मांग की सूचना देने की अपील की गई है।
