कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसाबाड़ी मुख्य मार्ग पर बुधवार दोपहर ब्लू बर्ड स्कूल के छात्रों के बीच हुई हिंसक मारपीट से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना में कक्षा आठवीं में पढ़ने वाला 13 वर्षीय छात्र धारदार हथियार के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक ब्लू बर्ड स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा आठवीं और सातवीं के दो छात्र छुट्टी के बाद पैदल अपने घर काशीनगर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आधा दर्जन से अधिक लड़कों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों में स्कूल के 5 से 6 छात्र शामिल बताए जा रहे हैं जबकि दो युवक बाहरी बताए गए हैं।
मारपीट के दौरान आठवीं कक्षा के छात्र के गले के पीछे धारदार हथियार से हमला किया गया जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद राहगीरों की मदद से घायल छात्र को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज जारी है।
साथ मौजूद कक्षा सातवीं में पढ़ने वाले छात्र ने बताया कि हमलावर भी ब्लू बर्ड स्कूल के ही छात्र थे और घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही घायल छात्र के परिजन मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
वहीं जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन ने मेमो के माध्यम से जिला अस्पताल चौकी पुलिस को घटना की सूचना दी है। स्कूल प्रबंधन ने फिलहाल घटना की जानकारी न होने की बात कही है। परिजनों का कहना है कि इस मामले में पुलिस और स्कूल प्रबंधन दोनों से शिकायत की जाएगी। उनका आरोप है कि हमला बेहद गंभीर था और इसमें बच्चे की जान भी जा सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
