कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए सिविल लाइन रामपुर थाना और चौकी सीएसईबी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में नाबालिग वाहन चोरों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में शामिल अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदातों को स्वीकार किया।
थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 80/2026 और 599/2025 (धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता) के तहत की गई विवेचना में यह भी खुलासा हुआ कि एक होंडा लिवो मोटरसाइकिल को बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा से चोरी कर कोरबा लाया गया था। उक्त वाहन के संबंध में बलौदा थाने में पहले से चोरी का मामला दर्ज होना पाया गया।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीनों चोरी की मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है। बरामद वाहनों के संबंध में वैधानिक प्रक्रिया जारी है। मामले में शामिल नाबालिगों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके।
