SECL कॉलोनी में मिला मानव भ्रूण, क्षेत्र में मचा हड़कंप

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत SECL कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई जब कॉलोनी के पीछे नाली के पास एक मानव भ्रूण मिलने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी शाम के समय स्थानीय निवासियों को हुई जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भ्रूण नाली के किनारे पड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात महिला द्वारा इसे यहां फेंका गया है। खबर फैलते ही कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है, ताकि मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह अवैध गर्भपात का मामला हो सकता है हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। बांकी मोंगरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Share This Article