अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर, हादसे में सीएसईबी कर्मचारी की मौत

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत सीपेत के पास सड़क पर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने सड़क किनारे खून से लथपथ पड़े बाइक सवार को देखा और तत्काल 112 व दर्री पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 112 की टीम ने पाया कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी और सवार की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला मेडिकल कॉलेज के शवगृह में सुरक्षित रखवाया।

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान 26 वर्षीय दीपेंद्र पटेल के रूप में हुई है जो कटघोरा थाना क्षेत्र के बरपाली गांव का निवासी था। पुलिस द्वारा परिजनों को फोन के माध्यम से घटना की सूचना दी गई। सूत्रों के अनुसार दीपेंद्र पटेल बीती रात करीब 10 बजे अपने घर से दर्री स्थित सीएसईबी पावर प्लांट में ड्यूटी के लिए निकला था। इसी दौरान सीपेत के पास किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि दीपेंद्र के चेहरे और सीने में गंभीर चोटें आईं जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि दीपेंद्र सीएसईबी में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। रोज की तरह रात में खाना खाने के बाद वह ड्यूटी के लिए निकला था लेकिन वापस घर नहीं लौट सका। फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। 

Share This Article