कोरबा में रेलवे ट्रैक निर्माण सामग्री चोरी का पर्दाफाश, पुलिस ने JCB ऑपरेटर सहित दो आरोपियों को दबोचा

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के गेवरा रोड से पेंड्रा रोड के बीच चल रहे नई विद्युतीकृत डबल रेलवे लाइन निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री के गबन करने के मामले में कोरबा पुलिस ने गहन जांच के बाद इस प्रकरण में आंतरिक संलिप्तता का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला शिवाकृति इंटरनेशनल लिमिटेड कंपनी से जुड़ा है जिसने थाना कटघोरा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में रेलवे साइड सिंघिया और सुतर्रा स्थित स्टोर से लोहे के स्लीपर व अन्य निर्माण सामग्री के गायब होने की जानकारी दी गई थी। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर एवं एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में मामले की जांच की गई।

जांच के दौरान कंपनी के कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की गई जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि यह कोई बाहरी लूट या डकैती नहीं बल्कि कंपनी के भीतर कार्यरत व्यक्तियों द्वारा किया गया सुनियोजित गबन है। पुलिस जांच में सामने आया कि तेजबाहादुर पटेल (जेसीबी ऑपरेटर) ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए लंबे समय से रेलवे निर्माण सामग्री चोरी कर कबाड़ी को बेची। राहुल सिंह मरकाम की भी इस गबन में संलिप्तता पाई गई। कुछ कर्मचारियों पर घटना को बाहरी लूट के रूप में दर्शाने का दबाव भी बनाया गया था।

थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 43/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5), 317(2), 317(3), 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त जेसीबी वाहन, रेलवे लोहे के स्लीपर के टुकड़े और नकद राशि जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 25,06,000 लाख रुपये बताई गई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच अभी जारी है।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रेलवे संपत्ति और सार्वजनिक परियोजनाओं से जुड़े किसी भी गबन या आपराधिक कृत्य पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article