कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। एसईसीएल में कार्यरत एक कर्मचारी ने अपने आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकार के मुताबिक मृतक की पहचान गुलाब सिंह (पिता पारस नाथ) के रूप में हुई है। वह एसईसीएल कुसमुंडा खदान में पदस्थ था और विकास नगर कॉलोनी के एमडी-17 में अकेले रहता था। गुलाब सिंह अविवाहित था।
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना से कुछ समय पहले गुलाब सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अजीब हरकतें कर रहा था। पड़ोसी द्वारा बनाए गए वीडियो को परिजनों को भेजा गया जिसके बाद वे सूरजपुर जिले के खड़गंवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पम्पापुर गांव से कोरबा के लिए रवाना हुए। हालांकि परिजनों के पहुंचने से पहले ही गुलाब सिंह ने आत्महत्या कर ली।
गुलाब सिंह मूल रूप से सूरजपुर जिले का रहने वाला था। कुछ वर्ष पहले ही उसका तबादला कुसमुंडा क्षेत्र में हुआ था और वह यहीं कार्यरत था। कुसमुंडा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच जारी है।
