बोर्ड परीक्षाओं से पहले शुरू हुई हेल्पलाइन सेवा, छात्रों को मिलेगा तनाव से राहत

By Atul Yadav - Editor
1 Min Read

रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:   बोर्ड परीक्षाओं के सुचारु एवं तनावमुक्त आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व ही हेल्पलाइन सेवा शुरू कर दी है। यह हेल्पलाइन हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी एवं हायर सेकेंडरी व्यावसायिक परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों के लिए संचालित की जा रही है।

हेल्पलाइन सेवा के माध्यम से विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावक परीक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए संपर्क कर सकते हैं। मंडल द्वारा जारी टोल-फ्री नंबर 1800-233-4363 पर सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक सहायता प्राप्त की जा सकती है।

हेल्पलाइन सेंटर में प्रतिदिन मनोचिकित्सक, मनोवैज्ञानिक, शैक्षिक अभिप्रेरक तथा मंडल के अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जो परीक्षा से संबंधित तनाव, मार्गदर्शन एवं अन्य शैक्षणिक समस्याओं पर परामर्श देंगे। विशेष रूप से यह सेवा रविवार के दिन भी कार्यालयीन समय में उपलब्ध रहेगी।

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या मानसिक तनाव की स्थिति में हेल्पलाइन का अधिकतम लाभ उठाएं, ताकि बोर्ड परीक्षाएं सकारात्मक और तनावमुक्त वातावरण में संपन्न हो सकें।

Share This Article