आईजी बिलासपुर रेंज का कोरबा दौरा, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए सख्त निर्देश
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग कोरबा प्रवास पर रहे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोरबा के सभाकक्ष में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों की महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अपर पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर, तीनों अनुभागों के एसडीओपी तथा सभी थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
मीटिंग के दौरान आईजी गर्ग ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता की शिकायतों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि —
-बीट सिस्टम को सुचारू, मजबूत एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने
-आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने
-चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में घटना के दिन ही FIR दर्ज करने
-संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना करने
-थाना प्रभारी द्वारा स्वयं शिकायत सुनकर FIR दर्ज करने तथा संगठित गिरोह द्वारा किए गए अपराधों में संगठित अपराध की धाराएं जोड़ने, जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्देश दिए।
अब चोरी गए वाहनों की पहचान होगी आसान, कोरबा में लागू हुआ “सशक्त मोबाइल ऐप”
क्राइम मीटिंग के बाद आईजी बिलासपुर रेंज द्वारा “सशक्त मोबाइल ऐप” का जिले में औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह ऐप चोरी गए वाहनों की पतासाजी के लिए पुलिस विभाग की एक महत्वपूर्ण तकनीकी पहल है।
आईजी गर्ग ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से पुलिस अधिकारी लावारिस खड़े वाहनों, विशेषकर मोटरसाइकिलों की जानकारी तुरंत सर्च कर सकेंगे, जिससे चोरी गए वाहनों की पहचान और बरामदगी की प्रक्रिया तेज होगी।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए सशक्त मोबाइल ऐप को नियमित रूप से इस्तेमाल किया जाए। आईजी के कोरबा प्रवास को जिले में अपराध नियंत्रण, पारदर्शी पुलिसिंग और जनता के भरोसे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
