2 भारी वाहनों की जोरदार टक्कर, केबिन में फंसे एक चालक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई। कोरबा–चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पताढ़ी के पास ट्रेलर और प्याज से भरे डाला वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि डाला वाहन का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार ट्रेलर कोरबा की ओर से जबकि डाला वाहन चांपा की ओर से आ रहा था। टक्कर के बाद दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मृत चालक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। टोल नाका से पहुंची राहत टीम ने गैस कटर की मदद से केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।

वहीं ट्रेलर चालक इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के चलते कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा जिसे पुलिस ने बाद में नियंत्रित कर बहाल कराया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और ट्रेलर के गलत दिशा से आने के कारण हादसा हुआ।

उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घायल चालक का इलाज जारी है। मृतक चालक के वाहन मालिक को सूचना दे दी गई है, जिसके पहुंचने के बाद परिजनों को अवगत कराया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article