कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल मानिकपुर खदान में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां 170 फीट नीचे गहराई में गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। मजदूर खदान के भीतर कोयला चोरी करने गया था इस दौरान यहां हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कुदारी गांव निवासी भगत कुमार मरावी (42 वर्ष) के रूप में हुई है जो बुधवार को खदान में गया था। भगत कुमार मरावी खदान के भीतर लगभग 170 फीट गहराई में सिर के बल गिर गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह खदान के अंदर शव दिखाई देने के बाद तत्काल मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद शव को खदान से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि मृतक एक पैर से दिव्यांग था और मिर्गी की बीमारी से भी पीड़ित था। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। माता-पिता के निधन के बाद वही परिवार का एकमात्र सहारा था।
गौरतलब है कि एसईसीएल मानिकपुर खदान से सटे रापाखरा, कुदरी, ढेलवाडीह, दादरमानिकपुर, भिलाई खुर्द, सीतामणी और इमलीडुग्गू सहित आसपास के इलाकों में कोयला चोरी की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। चोरी का कोयला स्थानीय ढाबों, होटलों और बस्तियों में खपाया जाता है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की सूचना मिल चुकी है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
