कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। शुक्लाखार इलाके में ग्रामीणों की सतर्कता और पीड़ित के परिजनों की मदद से चोरी की बाइक समेत एक आरोपी को धर दबोचा गया। आरोपी के पास से धारदार चाकू और अलग-अलग वाहनों की 14 चाबियां भी बरामद की गई हैं।
यह पूरी घटना पश्चिम बांकीमोंगरा क्षेत्र के तेंदुकोना मोहल्ला पुल के पास देवरी रोड की है। जानकारी के अनुसार, गेवरा खदान में काम करने वाला युवक दोपहर करीब 3:30 बजे ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में वह पेशाब के लिए रुका और बाइक खड़ी कर चाबी निकालना भूल गया।
इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और रास्ता पूछने के बहाने बातचीत करने लगे। युवक जैसे ही कुछ दूर गया, उनमें से एक आरोपी ने उसकी बाइक स्टार्ट की और मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने तत्काल चांदनी चौक में रहने वाले अपने चाचा को फोन कर चोरी की जानकारी दी।
जब चोर चांदनी चौक पहुंचा तो उसे रोकने की कोशिश की गई। इसी दौरान आरोपी ने एक युवती को टक्कर मार दी और भागने का प्रयास किया। घटना के बाद ग्रामीणों और पीड़ित के चाचा ने आरोपी का पीछा किया और शुक्लाखार के पास उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक, एक धारदार चाकू और विभिन्न दोपहिया व चारपहिया वाहनों की 14 चाबियां बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए थे जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी पूर्व में भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है या नहीं।
