खुले बिजली तार की चपेट में आया स्कूली बच्चा, पतंग निकालने के दौरान हादसा, हालत गंभीर

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा: कोरबा शहर के अटल आवास (एमपी नगर) क्षेत्र में गुरुवार दोपहर बिजली विभाग की लापरवाही एक मासूम पर भारी पड़ गई। स्कूल से घर लौट रहे 8 वर्षीय बालक अरहान खान खुले विद्युत तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार अरहान रोज की तरह स्कूल से पैदल घर लौट रहा था। रास्ते में ट्रांसफार्मर के पास फंसी एक पतंग पर उसकी नजर पड़ी। मासूम बालक जैसे ही पतंग निकालने के लिए ट्रांसफार्मर के करीब पहुंचा, उसका शरीर खुले और असुरक्षित बिजली तार से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करंट लगते ही तेज चिंगारियां निकलने लगीं और बालक तार से चिपक गया। आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत बिजली संपर्क से उसे अलग किया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

अरहान के रिश्तेदार साहिल खान ने बताया कि घटना के समय उसके कंधे पर स्कूल बैग भी टंगा हुआ था। बिजली के झटके से वह बुरी तरह झुलस गया। पहले उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के तार लंबे समय से खुले पड़े हैं। यह इलाका घनी आबादी वाला है, जहां बच्चों सहित लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है।

निवासियों ने आरोप लगाया कि खुले तारों की वजह से पहले भी मवेशियों की मौत हो चुकी है, बावजूद इसके संबंधित विभाग ने कोई सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की। लोगों ने मांग की है कि इलाके में तुरंत सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share This Article