कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और नागरिकों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा” अभियान के तहत लगातार जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में बैंक, एटीएम और अन्य वित्तीय संस्थानों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में यह पहल की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को लूट, ठगी और चोरी जैसी घटनाओं से बचाव के प्रति सतर्क करना है।
छत्तीसगढ़ी भाषा में पैंपलेट, ताकि संदेश सीधे पहुंचे लोगों तक
कोरबा पुलिस द्वारा स्थानीय नागरिकों को सरल और प्रभावी तरीके से समझाने के लिए छत्तीसगढ़ी भाषा में जागरूकता पैंपलेट तैयार किए गए, जिन्हें बैंक, एटीएम और वित्तीय संस्थानों में चस्पा किया गया। इन पैंपलेट्स में बैंकिंग लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को बिंदुवार तरीके से बताया गया है।
ऑडियो संदेश के जरिए भी दी जा रही सतर्कता की सीख
इसके साथ-साथ पुलिस द्वारा माइक और लाउडस्पीकर के माध्यम से ऑडियो संदेश प्रसारित कर बैंक परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। ऑडियो संदेशों में संदिग्ध व्यक्तियों से सावधान रहने और किसी भी असामान्य गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की जा रही है।
पैंपलेट्स के माध्यम से नागरिकों को निम्न सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया है:-
-बैंक से पैसा निकालते समय अकेले न जाएं, 3–4 भरोसेमंद लोगों के साथ जाएं।
-अनजान व्यक्तियों की बातों में न आएं।
-पैसा निकालने के बाद रास्ते में कहीं रुकने से बचें।
-नकदी को वाहन की डिक्की या डैशबोर्ड में न रखें।
-वाहन में पैसा छोड़कर कहीं न जाएं।
-बैंक या एटीएम के आसपास संदिग्ध व्यक्ति दिखें तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
-नकदी लेकर सुनसान रास्तों पर जाने से बचें।
कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं सजग रहें और अपने परिवार, परिचितों एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस सहायता नंबर पर देकर अपराध रोकने में सहयोग करें।
