कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दीपका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 100 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र के कुछ इलाकों में अवैध रूप से महुआ शराब बनाई और बेची जा रही है। सूचना के आधार पर थाना दीपका पुलिस ने लोटानपारा केराकछार, धुरेना और सिरकीखुर्द सहित कुल पांच ठिकानों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में सूरज धनुहार (19 वर्ष) निवासी लोटानपारा केराकछार, विक्रम धनुहार (27 वर्ष) निवासी धुरेना, प्रीति मारकाम (25 वर्ष) निवासी सिरकीखुर्द और अंताबाई निवासी धुरेना शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जिला पुलिस का कहना है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।