कोरबा: शादी की पार्टी में बवाल, घराती और मेहमान आपस में भिड़े, जमकर हुई मारपीट और तोड़फोड़

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित मंगल भवन में शादी के बाद आयोजित पार्टी के दौरान जमकर मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। डीजे पर डांस के दौरान शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग कार्यक्रम स्थल के बाहर आमने-सामने आ गए।

जानकारी के मुताबिक दर्री निवासी युवक की शादी बिलासपुर में हुई थी। शादी के अगले दिन बुधवार को लड़के पक्ष की ओर से दर्री के मंगल भवन में पार्टी और चौथिया कार्यक्रम रखा गया था। इसमें शामिल होने के लिए बिलासपुर से दुल्हन पक्ष के कई महिला-पुरुष कोरबा पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि डीजे पर डांस के दौरान धक्का-मुक्की को लेकर घरातियों और बिलासपुर से आए मेहमानों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के युवक बाहर आकर भिड़ गए। हंगामे के दौरान चारपहिया वाहनों और बाइकों में भी तोड़फोड़ की गई। घटना से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।


मारपीट में बिलासपुर से आए युवक सुगंभी छोटे के सिर और हाथ में चोट आई है। वह लहूलुहान हो गया, जिसे इलाज के लिए भेजा गया। अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार कराया गया।

सूचना मिलते ही 112 और दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही मारपीट करने वाले युवक फरार हो गए।
दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Share This Article