कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई नेशनल हाईवे पर झरना मोड़ के पास गुरुवार देर रात करीब 12 बजे दो कारों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि एयरबैग खुलने से कुछ यात्रियों की जान बच गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही मोरगा चौकी पुलिस और 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से पोड़ी उपरोड़ा स्थित स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार आल्टो 100 कार में चार लोग सवार थे, जिनमें दो की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं। दूसरी कार में तीन लोग सवार थे, जो सभी घायल हुए हैं। मृतकों में एक की पहचान धन सिंह यादव के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और शुक्रवार सुबह कानूनी कार्रवाई के साथ आगे की जांच की जा रही है।