कोरबा: छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) अब बिजली उपभोक्ताओं को उनका मासिक बिल सीधे व्हाट्सएप पर भेजेगी। बिल कंपनी की ऑफिशियल ब्लूटिक वेरीफाइड आईडी से आएगा। उपभोक्ता बिल का पीडीएफ डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकेंगे, प्रिंट निकाल सकेंगे और एक क्लिक में ऑनलाइन भुगतान भी कर पाएंगे।
प्रदेश में करीब 65 लाख उपभोक्ता हैं। इनमें से 40 लाख के मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड हैं और लगभग 30 लाख उपभोक्ता व्हाट्सएप का उपयोग कर रहे हैं। जिले में दो लाख से अधिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा। मीटर रीडिंग दर्ज होते ही उपभोक्ता को व्हाट्सएप पर पूरा डिटेल बिल मिल जाएगा।
यह सुविधा हिन्दी, छत्तीसगढ़ी और अंग्रेजी तीनों भाषाओं में उपलब्ध होगी। भाषा चयन के लिए उपभोक्ता ‘मोर बिजली’ एप में लैंग्वेज प्रिफरेंस चुन सकते हैं।
जिन उपभोक्ताओं का व्हाट्सएप नंबर रजिस्टर्ड नहीं है, वे टोल फ्री नंबर, मोर बिजली एप या नजदीकी बिजली कार्यालय में संपर्क कर नंबर दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए 10 अंकों का बीपी नंबर, अंतिम बिल भुगतान की तारीख और राशि बतानी होगी। सत्यापन के बाद उन्हें भी व्हाट्सएप पर बिल मिलना शुरू हो जाएगा।