कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के मां वैष्णो देवी मंदिर के समीप उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक ने अपनी ही माँ, पत्नी और बहन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी की पहचान रामेश्वर साहू के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपनी पत्नी सुकृता साहू को कमरे के अंदर बंद कर चापड़ से हमला किया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने पहुँची माँ सांवन साहू और बहन निर्मला साहू पर भी उसने वार कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें पत्नी सुकृता की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
घटना के दौरान आसपास की बस्ती के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल 112 व कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी की शिकायत पर आरोपी एक वर्ष पहले जेल भी जा चुका था। बताया जा रहा है कि आपसी विवाद के चलते ही यह घटना हुई। कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रामेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ की जा रही है।