कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़ापार मेन रोड बाजार के पास दोपहर करीब 3 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गया और सीधे एक मकान में जा घुसा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर बलौदा की ओर से आ रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने के बाद वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर के बाहर मौजूद एक महिला इसकी चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान की प्रक्रिया जारी है तथा ट्रेलर चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।