नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा: ट्रेलर-ट्रक की आमने-सामने टक्कर के बाद लगी भीषण आग, ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे पर कोयले से लदे ट्रेलर और सीमेंट से भरे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में सीमेंट ट्रक के चालक की केबिन में फंसने से जिंदा जलकर मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक घटना मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र के केंदई झरना के पास सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कोरबा से आ रहा कोयला लोड ट्रेलर और अंबिकापुर की ओर से आ रहा सीमेंट ट्रक तेज रफ्तार में थे। मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से दोनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

टक्कर के तुरंत बाद ट्रेलर में आग लग गई। ट्रेलर चालक किसी तरह वाहन से कूदकर बाहर निकल गया, लेकिन सीमेंट ट्रक का चालक केबिन में फंस गया। आग तेजी से फैल गई और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग को सूचना दी गई, लेकिन दमकल वाहन कटघोरा से आने के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लग गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह नेशनल हाईवे है और यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने मांग की है कि मोरगा चौकी या टोल नाका पर स्थायी रूप से दमकल वाहन तैनात किया जाए, ताकि आपात स्थिति में तुरंत राहत मिल सके।

हादसे वाली जगह से कुछ दूरी पर एक अन्य वाहन खराब हालत में सड़क किनारे खड़ा था, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। हालांकि राहत की बात रही कि वह वाहन आग की चपेट में नहीं आया। मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। वाहन मालिक को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।

Share This Article