कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंध में शादी से इनकार किए जाने से आहत 19 वर्षीय युवती ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक सेन्द्रीपाली गांव निवासी रोशन कुमार (21 वर्ष) और कृष्णो कुमारी (19 वर्ष) के बीच पिछले तीन साल से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात गांव में ही हुई थी और धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। युवक का युवती के घर आना-जाना भी था गांव में दोनों के रिश्ते की चर्चा आम थी और दोनों परिवारों को भी इस बारे में जानकारी थी। बताया जा रहा है कि युवती के परिजन शादी के लिए तैयार थे, लेकिन युवक के घरवालों ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया। जब यह बात रोशन ने कृष्णो को बताई, तो वह गहरे सदमे में चली गई।
23 फरवरी को युवती ने गांव के पास जंगल में जाकर खेतों में उपयोग होने वाला कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर उसने अपनी बहन को फोन कर बताया कि उसने जहर पी लिया है। इसके बाद भी वह किसी तरह पैदल घर पहुंची। परिजन उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका 12 भाई-बहनों में पांचवें नंबर की थी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। पिता मजदूरी और खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में पहले भी दो बच्चों की मौत हो चुकी है। कृष्णो अपनी बड़ी बहन और जीजा के साथ रहती थी।
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद मामला करतला थाने भेजा जाएगा। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।