कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में सरकारी राशन व्यवस्था अव्यवस्थित होने से राशन दुकान संचालक परेशान हैं। इसे लेकर आज बड़ी संख्या में दुकान संचालक सरकारी वेयरहाउस गोदाम पहुंचे और वहां कर्मचारियों के साथ विवाद कर दिया। यह विवाद हाथापाई तक पहुंच गया।
दुकान संचालको का आरोप है कि वेयरहाउस में पदस्थ प्रोग्रामर शिवा ने उनके साथ गाली-गलौज और बदतमीजी की। राशन वितरण में हो रही देरी और सामग्री की अनुपलब्धता को लेकर राशन दुकान संचालक सरकारी वेयरहाउस पहुंचे। जानकारी लेने के दौरान कर्मचारियों और संचालकों के बीच विवाद बढ़ गया।
राशन दुकान संघ के अध्यक्ष विनोद मोदी ने बताया कि पिछले दो महीनों से राशन का नियमित वितरण नहीं हो रहा है। संघ के संरक्षक राम सिंह अग्रवाल ने कहा कि शहर क्षेत्र में लगभग 78 राशन दुकानों में से अधिकांश को सामग्री नहीं मिली, जबकि कुछ दुकानों की राशन सामग्री ग्रामीण क्षेत्रों में भेजी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार दीपक पटेल ने स्थिति का जायजा लिया और आश्वासन दिया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मांग के अनुसार जल्द ही राशन वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।