कोरबा मेडिकल कॉलेज में लापरवाही से 13 माह की बच्ची की मौत, गलत इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ी तबीयत, दोषियों पर सख्त कार्यवाही की मांग, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक बार फिर लापरवाही का मामला सामने आया है। डॉक्टर और स्टाफ की कथित लापरवाही से 13 महीने की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार संजू केवट और प्रियंका केवट का विवाह दो वर्ष पूर्व हुआ था। उनकी एकमात्र पुत्री वानिया केवट थी। पूरा परिवार सर्वमंगला चौकी क्षेत्र अंतर्गत आजाद नगर, बरहमपुर में निवास करता है। परिजनों का आरोप है कि सर्दी-खांसी के इलाज के लिए 20 फरवरी को बच्ची को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसे इंजेक्शन लगाया गया, जिसके तुरंत बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह कोमा में चली गई। हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन उपचार के दौरान 24 फरवरी की रात करीब 9 बजे उसकी मौत हो गई।

बच्ची की नानी अमृता निषाद ने बताया कि 20 फरवरी को सर्दी-खांसी के इलाज के लिए वानिया को अस्पताल लाया गया था। कनोला लगाने के बाद बच्ची को कैनुला इंजेक्शन दिया गया, जिसके तुरंत बाद वह कोमा में चली गई। हालत बिगड़ने पर उसका लगातार इलाज किया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। 4 दिन बाद 24 फरवरी की रात करीब 9 बजे बच्ची ने दम तोड़ दिया। अमृता का आरोप है कि इंजेक्शन मेडिकल कॉलेज की एक स्टूडेंट द्वारा लगाया गया था।

अमित निषाद ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बच्ची के पिता संजू केवट ने बताया कि सामान्य सर्दी-खांसी के उपचार के लिए भर्ती कराने के बाद इंजेक्शन लगते ही बच्ची की हालत गंभीर हो गई थी। उसे तत्काल आईसीयू में भर्ती कराया गया। पिता ने आरोप लगाया कि एक स्टाफ सदस्य फोन पर नर्स के निर्देश के अनुसार इलाज कर रहा था, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

मां का कहना है कि कैनुला इंजेक्शन लगाने के तुरंत बाद बच्ची बेहोश हो गई थी। 4 दिन तक बच्ची की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इस संबंध में परिवार ने सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जहां उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन मिला है।

फिलहाल इस घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं। आक्रोशित परिजनों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के गेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।

Share This Article