सिर में डिब्बा फसने से तड़प रहा था कुत्ता, कड़ी मशक्कत के बाद किया गया रेस्क्यू

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा के एसईसीएल के सुभाष ब्लॉक क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक कुत्ते के सिर पर डिब्बा फंस जाने से वह करीब एक सप्ताह तक तड़पता रहा। भूख-प्यास से बेहाल कुत्ता इलाके में इधर-उधर भटकता रहा, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक कुत्ता अक्सर सुभाष ब्लॉक के घरों और हेलीपैड जंगल क्षेत्र के आसपास दिखाई देता था। लोग उसे नियमित रूप से खाना-पानी भी देते थे। लेकिन सिर पर डिब्बा फंस जाने के कारण वह न कुछ खा पा रहा था और न ही पानी पी पा रहा था। हालत बिगड़ने पर वह भागते-भागते थक जाता और कहीं बैठ जाता था।

कई दिनों की मशक्कत के बाद सफल रेस्क्यू

स्थानीय निवासियों की सूचना पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्य बबलू कुमार मारुवा, विमल चौहान, पुष्पेंद्र चौहान, सूर्यभान कुर्मी और नीतीश चौहान ने सावधानीपूर्वक कुत्ते को पकड़ने की कोशिश की। पहले भी कई बार प्रयास किए गए थे, लेकिन कुत्ता हाथ नहीं आ रहा था। इस बार टीम ने घेराबंदी कर उसे सुरक्षित पकड़ा और काफी मशक्कत के बाद डिब्बे को बाहर निकाल दिया। रेस्क्यू टीम के सदस्य बबलू कुमार ने बताया कि यदि समय रहते कुत्ते को नहीं बचाया जाता तो उसकी मौत भी हो सकती थी।

रेस्क्यू टीम ने आशंका जताई है कि किसी असामाजिक तत्व ने कुत्ते को खिलाने के बहाने उसके सिर पर डिब्बा डाल दिया होगा। टीम ने ऐसे लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की है। डिब्बा हटाने के बाद कुत्ते को तुरंत पानी और भोजन दिया गया। स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू टीम के साहस और संवेदनशीलता की सराहना की।

Share This Article