ट्रांसफार्मर से टकराई बारूद से भरी ट्रक, केबिन में लगी आग, समय रहते टली बड़ी अनहोनी

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

ट्रांसफार्मर से टकराई बारूद से भरी ट्रक, केबिन में लगी आग, समय रहते टली बड़ी अनहोनी

दुर्ग/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के भिलाई के भिलाई-3 क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रायपुर की ओर जा रही बारूद से भरी ट्रक (क्रमांक TS 05 UB 2355) अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रक सर्विस रोड पर उतर गई और उसके केबिन में आग लग गई।

घटना सुबह करीब 2:20 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय नागरिकों ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद एहतियातन अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं।

मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने देखा कि ट्रक के केबिन में आग धधक रही है। ट्रक में बारूद भरा होने के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील थी। जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, टीम ने बिना समय गंवाए केबिन के अंदर पहुंचकर आग पर काबू पाया। यदि थोड़ी भी देरी होती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था।

ट्रांसफार्मर से टक्कर के कारण आसपास के क्षेत्र में भी खतरा उत्पन्न हो गया था, लेकिन दमकल और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी अनहोनी टल गई। आग बुझाने के बाद ट्रक को सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस और दमकल की मदद से भिलाई-3 थाने में खड़ा कराया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share This Article