कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के टीपी नगर मुख्य मार्ग पर सरेआम मारपीट की घटना सामने आई। आरोप है कि नशे में धुत कार सवार दो युवकों ने एक बाइक चालक को अपनी कार से टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए बीच सड़क पर रोककर पिटाई कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सवार युवकों ने बाइक चालक को रोककर पहले बहस की और देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया। मारपीट होते देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक चालक पेशे से ऑटो चालक है और किसी काम से टीपी नगर आया हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही ऑटो संघ के पदाधिकारी और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। इस दौरान कार सवार युवक उनसे भी उलझ पड़े और हंगामा करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवकों में से एक ने खुद को पुलिस अधिकारी का भतीजा बताते हुए रौब जमाने की कोशिश की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना मिलने पर सीएसईबी चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर पूछताछ की। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया, जिसके चलते किसी के खिलाफ औपचारिक कार्रवाई नहीं की गई।
हालांकि स्थानीय लोगों ने नशे में वाहन चलाने और सार्वजनिक रूप से मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में शांति भंग करने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।